रियल व्यू न्यूज, जौनपुर । कांग्रेस ने बदलापुर विधानसभा सीट से प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी है। इस विधानसभा सीट से पूर्व सांसद स्वर्गीय कमला प्रसाद सिंह की पौत्र वधू आरती सिंह को टिकट दिया है। वह शहर कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता और उपाध्यक्ष गौरव सिंह सनी सिंह की पत्नी हैं और बदलापुर विधानसभा क्षेत्र शाहपुर सानी गांव की निवासी हैं । इस बात की पुष्टि कांग्रेस के जिलाध्यक्ष फैसल हसन तबरेज ने की है। कमला प्रसाद सिंह सदर विधानसभा सीट से 1977 और 1980 में कांग्रेस से विधायक बने थे। इसके बाद, 1985 में जौनपुर सदर लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर सांसद चुने गए थे। एक बार जिला पंचायत अध्यक्ष भी रहे। हालांकि 2018 में उनका निधन हो गया । पार्टी सूत्रों की माने तो जनपद की सभी सीटों को लेकर पार्टी हाईकमान खुद मंथन करने में जुटी हुई हैं क्योंकि 2017 में कांग्रेस की नौ विधानसभा सीटों में से एक पर भी जीत दर्ज नहीं कर पाई थी। साल 2012 में हुए विधानसभा चुनाव में सदर की एक सीट नदीम जावेद ने जीती थी। लेकिन वह साल 2017 में सपा से गठबंधन के बाद भी चुनाव हार गए थे। कभी एक समय ऐसा भी था, जब कांग्रेस का जनपद की अधिकांश सीटों पर कब्जा रहता था। ऐसे में कांग्रेस अपनी जमीन तलाश रही है। इसके लिए, तीन-चार बार में आवेदन मांगे गए हैं। हालांकि आखिरी बार किए गए आवेदनों के मुताबिक, सभी नौ विधानसभा सीटों से कुल 76 लोगों ने चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की। इसमें 63 पुरुष और 13 महिलाएं शामिल हैं।